मिर्जापुर। कन्नौज के छिबरामऊ तहसील में महिला लेखपाल के साथ हुए दुर्व्यवहार को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के तत्वावधान में जिले की तहसीलों में गुुरुवार को भी लेखपालों का धरना प्रदर्शन जारी रहा। इस अवसर पर हुई सभा में वक्ताओं ने मांग की कि हमलावरों की गिरफ्तारी तक यह आंदोलन चलता रहेगा।
सदर तहसील में उपस्थित महिला लेखपालों ने कहा कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। इस अवसर पर विनोद कुमार सिंह, विनोद कुमार तिवारी, शुभम श्रीवास्तव आदि थे। लालगंज संवाददाता के मुताबिक तहसील परिसर में तहसील इकाई के नेतृत्व में दूसरे दिन भी धरना प्रदर्शन जारी रहा। पदाधिकारियों ने कहा कि हमलावर की गिरफ्तारी तक यह धरना चलता रहेगा। धरने के बाद पांच सूत्रीय एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। तहसील इकाई के अध्यक्ष ईशनारायण तिवारी ने धरने के दौरान कहा कि लेखपालों के साथ किए जा रहे अन्याय को नहीं सहा जाएगा। कहा कि महिला लेखपाल असुरक्षित वातावरण में काम नही कर सकती है। कृष्णचंद ने कहा कि समाज में संवैधानिक व्यवस्था के तहत सभी की अपनी सीमा है। जिसके तहत दायित्व का निर्वहन किया जाता है। ऐसे दायित्व निर्वहन में बाधा डालने व जबरदस्ती काम कराने वाले के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए। उपमंत्री सपना मौर्य ने कहा कि कानूनी तौर पर सभी लेखपालों को सुरक्षित वातावरण में काम करने की जरूरत है। लेखपाल लालचंद ने कहा कि समाज में सुरक्षा बेहद जरूरी है। इस अवसर पर अनुप पांडेय, इंद्रेश द्विवेदी, विनोद कुमार, प्रीती, नीलम, रामचंद्र दुबे, जगदीश सिंह, पवन शुक्ल, भरतलाल आदि शामिल रहे।