युवाओं को पुरातन संस्कृति और अपने परंपराओं से जोड़ने के लिए सतत प्रयत्नशील संस्था स्पीक मैके के तत्वावधान में आज से लोहिया तालाब स्थित डैफोडिल्स स्कूल में तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें उत्तर प्रदेश से लगभग तीन सौ छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। इस दौरान विद्यार्थियों को साहित्य, संगीत, कला, क्रॉफ्ट और योग के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी को सौंपने का प्रयास किया जाएगा। ये बातें स्पीक मैके के यूपी उत्तरांचल के चीफ एडवाइजर एसपी सिंह ने पत्रकार वार्ता में कहीं
उन्होंने बताया कि स्पीक मैके एक अंतरराष्ट्रीय संस्था है जो स्कूलों में पहुंच कर बच्चों को पुरातन संस्कृति से जोड़ने का काम करती है। कहा कि पहले दादा, दादी, नाना, नानी बच्चों को कहानियां सुना कर परंपरा से जोड़ते थे अब परिवार एकाकी होते जा रहे हैं जिससे युवा अपनी संस्कृति से विमुख होते जा रहे हैं। स्पीक मैके इसी खाली जगह को भरने का प्रयास कर रहा है। तीन दिनों में विभिन्न फन के माहिर लोग युवाओं को भारतीय परंपरा से जोड़ने का प्रयास करेंगे। जिनमें संतूर वादक पंडित भजन सोपोरी, ओडीसी नृत्यांगना विदुषी कविता,कजरी गायिका उर्मिला श्रीवास्तव, पांडवानी गायिका तीजन बाई शहनाई वादक पंडित संजीव शंकर आदि शामिल हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान स्पीक मैके के चेयरपरसन उमेश चंद्र सेठ, बीना सेठ, डैफोडिल्स स्कूल के चेयरमैन अमरदीप सिंह, अपराजिता सिंह, कंचन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहीं।