गाजीपुर के जमानिया थाने में शादी का झांसा देकर भगाने की दर्ज है प्राथमिकी
मिर्जापुर। गाजीपुर जनपद के जमानिया क्षेत्र की युवती के साथ कोर्ट मैरिज करने आए अफजाल की शुक्रवार दोपहर कचहरी परिसर में वकीलों ने पिटाई कर दी। युवक के खिलाफ गाजीपुर में प्राथमिकी दर्ज है। सूचना पर पहुंची गाजीपुर की पुलिस टीम वहां पहुंची और आरोपी को अपने साथ ले गई।
सुबह कचहरी में कोर्ट मैरिज करने आए प्रेमी युगल को अधिवक्ताओं ने रोक लिया। दोनों के धर्म अलग-अलग होने पर अधिवक्ताओं ने युवक की पिटाई कर दी। आरोप था कि युवती को प्रेमजाल में फंसाकर युवक कोर्ट मैरिज के लिए लेकर आया है। युवती का कहना था कि वह अपनी मर्जी से आई है। मौके पर पहुंची कचहरी पुलिस चौकी की पुलिस दोनों को साथ ले गई।
गाजीपुर के जमानिया निवासी महिला ने बताया कि उनका बेटा अफजाल क्षेत्र की युवती से प्रेम करता है। यह मामला पहले जमानिया पुलिस के पास पहुंचा था। पुलिस ने युवक और युवती को उनके परिजनों को बुलाकर सौंप दिया था, लेकिन युवती अलग होने के लिए तैयार नहीं थी। वह अपने घर नहीं गई। युवक की मां ने बताया कि पुलिस ने दोनों को बालिग बताते हुए शादी की अनुमति दे दी थी। शुक्रवार को अफजाल अपनी मां और युवती को लेकर कोर्ट मैरिज करने आया था।शहर कोतवाल दयाशंकर ओझा ने बताया कि अफजाल के खिलाफ जमानिया थाने में शादी का झांसा देकर भगाने की प्राथमिकी दर्ज है। सूचना मिलने पर गाजीपुर पुलिस आई और युवक को अपने साथ ले गई।