मिर्जापुर। विंध्याचल में पर्यटन थाने के निर्माण के लिए पुलिस विभाग को जमीन मिल गई है। बजट के लिए विभाग की ओर से प्रस्ताव बनाकर फाइल मुख्यालय भेज दी गई है। शासन से बजट जारी होने के बाद पर्यटन थाने का निर्माण शुरु हो जाएगा।
विंंध्याचल मंदिर में कारिडोर बनने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है। मां विंध्यवासिनी के साथ ही त्रिकोण पर मां काली और मां अष्टभुजा का मंदिर है। नवरात्र के अलावा महत्वपूर्ण दिनों में लाखों की संख्या में लोग दर्शन करने आते है। इसके अलावा प्रतिदिन मंदिर में हजारो लोग दर्शन करने आते रहते है। विंध्याचल में श्रद्धालुओं और पर्यटको की संख्या बढ़ने पर पर्यटन थाना बनाए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया। पिछले वर्ष पर्यटन थाना बनाए जाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया था, पर उसमें कई खामियां थी। जमीन पुलिस विभाग के नाम नहीं था। जिसके बाद विंध्याचल टोल प्लाजा के पास पर्यटन थाना के लिए जमीन पुलिस विभाग के नाम करके नया प्रस्ताव तैयार किया गया। पर्यटन थाना बनाने के नए प्रस्ताव को मुख्यालय भेज दिया गया है। वहां से बजट स्वीकृत होने के बाद जल्द पर्यटन थाना बनाने का कार्य शुरू हो जाएगा।
.................................
पर्यटन थाना बनने से ये होगा फायदा
मिर्जापुर। एएसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि पर्यटन थाना के लिए एक सीओ की अलग से तैनाती की जाएगी। इसके अलावा निरीक्षक, उप निरीक्षक और कांस्टेबल तैनात किए जाएंगे। पर्यटन थाना में पर्यटको और श्रद्धालुओं की समस्या का समाधान किया जाएगा। इसके लिए उनको परेशान नहीं हाेना पड़ेगा। थाने में श्रद्धालुओं के लिए अंग्रेजी में बात करने वाले पुलिसकर्मी की भी तैनाती की जाएगी।
............................
वर्जन
पर्यटन थाना के लिए टोल प्लाजा के पास जमीन पुलिस विभाग के नाम हो गई है। बजट के लिए प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय में भेजा गया है। वहां से बजट जारी होने के बाद पर्यटन थाने का निर्माण शुरू कराया जाएगा। - नितेश सिंह, एएसपी सिटी