मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के विजयपुर तिनपलिया और बघरा तिवारी गांव में आबकारी विभाग की टीम ने पुलिस के साथ दबिश देकर लहन और भट्ठियों को नष्ट किया और शराब बरामद की। आबकारी अधिकारी राकेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक नगर विवेक दुबे ने विंध्याचल थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा के साथ दबिश दी।
आबकारी और पुलिस टीम ने विजयपुर तिनपालिया और बघरा तिवारी में मड़हे और जमीन के अंदर रखे लहन आदि को निकालकर नष्ट किया। आबकारी निरीक्षक विवेक दुबे ने बताया कि लगभग 200 किलो लहन, महुआ व चार भट्टियों को मौके पर नष्ट किया गया। 40 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। प्रकरण में दो लोगों पर आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।