मिर्जापुर-रीवा मार्ग पर ड्रमंडगंज के पास रविवार की सुबह आठ बजे ट्रक से कुचलकर एक महिला की मौत हो गई। हादसे में उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। महिला बीमार पिता को देखने इलाहाबाद जा रही थी। हादसे से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दिया और बदहाल सड़क को बनवाने की मांग करने लगे। मौके पर पहुुंचे सीओ लालगंज ने आचार संहिता लागू होने के कारण मुकदमे की चेतावनी देकर जाम समाप्त करा दिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मध्य प्रदेश के मिश्रगंगा हनुमान निवासी निर्भय प्रकाश तिवारी अपनी पत्नी देवकली (50) के साथ बाइक से इलाहाबाद के कोरांव क्षेत्र के महुली गांव में अपनी ससुराल जा रहे थे। मिर्जापुर-रीवा मार्ग पर ड्रमंडगंज घाटी में हनुमान मंदिर के पास ट्रक ने धक्का मार दिया। बाइक सवार दंपत्ति सड़क पर गिर पड़े। पहिये के नीचे आते ही देवकली की कुचलकर घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मध्य प्रदेश से तेंदू पत्ता लेकर आ रहा यह ट्रक एक गड्ढे में फंसने के कारण अनियंत्रित हो गया था। मौके पर पहुंचे हलिया थानाध्यक्ष ने घायल व्यक्ति को पीएचसी हलिया ले जाकर भर्ती कराया।
हादसे से नाराज इलाके के लोगों ने घटना स्थल पहुंच कर सड़क को जाम कर दिया। जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारे लग गई। नाराज लोगों ने कहा कि सालों से नेशनल हाइवे खराब पड़ी है। जिसको बनाने का प्रयास नहीं किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग से पूछने पर बताया जाता है कि यह नेशनल हाइवे है इसलिए केंद्र सरकारी इसे बनवाने का कार्य करती है। प्रदेश सरकार से इसका कोई लेना देना है। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम होने की सूचना पर पहुंचे सीओ लालगंज ने जाम हटवाया।