मिर्जापुर के जिगना थाना क्षेत्र के नरोईयां गांव में पति का पुरा मजरे से बृहस्पतिवार की दोपहर मड़हे में सो रहे आठ माह के बच्चे का बाइक सवार दो युवकों ने अपहरण कर लिया। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शाम को प्रभारी एसपी, एएसपी नक्सल और सीओ लालगंज भी जांच करने पहुंचे।
क्षेत्र निवासी सुरेेंद्र कुमार को तीन बच्चे हैं। उसकी पत्नी राधा दोपहर में आठ माह केे पुत्र रंजीत को मड़हे में चारपाई पर लिटा कर पीछे की ओर चली गई। वहां वह तीन वर्षीय नैना और दो वर्षीय सुजीत को नहलाने के बाद कपड़े धोने लगी। लौट कर मड़हे में आई तो देखा चारपाई पर उसका पुत्र नहीं था।
बाहर आकर पड़ोसियों से पूछा तो पता चला कि काले रंग की बाइक से दो युवक बच्चे को सफेद गमछे में लपेट कर ले जा रहे थे। बच्चा रो रहा था। बाइक सवार एक युवक सफेद शर्ट और दूसरा लाल टी शर्ट पहने थे। यह सुनकर राधा बेहोश हो गई।