मड़िहान थाना क्षेत्र के कोटवा स्थित ढाबे पर खड़ी ट्रक में सो रहे खलासी की मंगलवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चालक की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। घटना की जानकारी परिजनों को दी गयी।
झारखंड के बलुमात रतलाम निवासी चालक रामवृक्ष ने बताया कि प्रयागराज अजुआ मंडी से महुआ लोड कर सोनभद्र के रामगढ़ जा रहा था। मिर्जापुर से आगे बढ़ने पर बेला कोटवा के बीच ढाबा पर ट्रक खड़ा कर खलासी के साथ भोजन किया। पुलिस के मुताबिक चालक रामवृक्ष सिंह पुत्र जयचंद सिंह ढाबा के पास सो गया। झारखंड बलुमात रतलाम निवासी खलासी धर्मेंद्र गंजू ट्रक के केबिन में सोने चला गया। चालक ने ट्रक लेकर जाने के लिए भोर में गेट खोला तो खलासी अचेत अवस्था में पड़ा था। आशंका है कि रात में किसी बदमाश ने लूटपाट की नीयत से हथौड़े से मारा हो। खलासी के नाक व सिर से खून निकल रहा था। इस पर एंबुलेंस बुलाई गई। एंबुलेंस आने में देर होने पर खलासी को आनन-फानन में इलाज के लिए प्राइवेट वाहन से लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां चिकित्सक ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची मड़िहान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके पर छानबीन भी की। चालक से पूछताछ की जा रही है। अस्पताल अधीक्षक डॉक्टर महेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चल सकेगा। थानाध्यक्ष शैलेश राय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारण का पता चलेगा।