डीआईजी विंध्याचल मंडल की अध्यक्षता में रविवार को पुलिस लाइन में क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि ब्लाक प्रमुखी के चुनाव में पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखी जाएगी।
इसके लिए अराजकतत्वों पर कड़ी निगाह रहेगी। ऐसे लोगों पर कार्रवाई शुरू की जाएगी। ताकि चुनाव के दौरान निष्पक्षता बनी रहे।
पुलिस उपमहानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र रतन कुमार श्रीवास्तव ने मीटिंग में आए सीओ और थानाध्यक्षो को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव को देखते हुए नक्सल प्रभावित इलाके में कांबिग कर वहां की गतिविधियों पर सख्त निगाह रखी जाए।
इन क्षेत्रों के युवक अपराध के रास्ते पर न जाए इसके लिए भी कार्य को अंजाम दिया जाए। ताकि जनता के मन में पुलिस के प्रति विश्वास पैदा हो और उनमें सुरक्षा की भावना बनी रहे।
डीआईजी ने जिले में आए दिन लग रहे जाम को भी गंभीरता से लिया। कहा कि जाम जैसी समस्या से निबटने के लिए सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष यातायात में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को चिह्नित कर उसे हटवाएं ताकि लोगों को जाम से मुक्ति मिल सके और शहर की यातायात व्यवस्था पटरी पर आ सके।
उन्होंने पशु तस्करी पर रोक लगाने के लिए भी निर्देश दिए कहा कि तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उन्हें किसी भी कीमत पर पकड़ा जाए।
महिलाओं से संबंधित शिकायत आने पर तत्काल कार्रवाई करें ताकि उन्हें न्याय मिल सके। कहा कि पुलिस अधिकारी जनता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करें और मौके पर जाकर उसका मुआयना करें।
क्राइम मीटिंग में पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन, एएसपी सिटी अशोक कुमार, आपरेशन अरविंद मिश्रा, सीओ नगर श्वेता श्रीवास्तव, सदर रामनाथ वर्मा मौजूद थे।