सपा कार्यालय में कर्पूरी ठाकुर की जयंती मनाते सपा नेता। स्रोत- सपा
मिर्जापुर। समाजवादी जननायक व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की जयंती शनिवार को समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट में मनाई गई। उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर सादगी व उच्च विचार की प्रतिमूर्ति थे। कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में समाजवादी विचारधारा को पकड़कर ब्रिटिश हुकूमत को छात्र जीवन से ही चुनौती देना शुरू कर दिया था। देश की आजादी के बाद आचार्य नरेंद्र देव, जयप्रकाश नारायण, डा. राममनोहर लोहिया जैसे समाजवादी नेताओं के सानिध्य में रहकर देश को आगे बढ़ाने का कार्य किया। वक्ताओं ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए कर्पूरी ठाकुर ने पिछड़ी जाति के आरक्षण को सरकारी नौकरियों में लागू कराया। डा. शक्ति श्रीवास्तव न कहाकि कर्पूरी ठाकुर गरीब परिवार में पैदा होकर समाज के विघटनकारी व सामंतवादी ताकतों से आजीवन लड़ते हुए मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे। समाज और देश के निर्माण में कर्पूरी ठाकुर का योगदान ऐतिहासिक रहा है। कहा गया कि वंचित शोषित पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज को देश के मुख्य धारा में लाने के लिए कर्पूरी ठाकुर के योगदान को भूला नहीं जा सकता है। इस अवसर पर मेवालाल प्रजापति, दीनानाथ प्रजापति, विरेंद्र यादव, सलीम बादशाह, धनंजय सिंह, रामजी यादव आदि मौजूद रहें।
कछवां: आदर्श नगर पंचायत स्थित मधूसुदन शर्मा के आवास पर शनिवार को कर्पूरी ठाकुर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। मुख्य अतिथि छोटेलाल शर्मा ने कर्पूरी ठाकुर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने सामाजिक न्याय, समानता और गरीबों के उत्थान के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रहा है। इस दौरान ओमकार शर्मा, कैलाशनाथ शर्मा, विद्याधर शर्मा, नंदलाल शर्मा, रविशंकर शर्मा, राजेश शर्मा आदि मौजूद रहे।