जिगना। छानबे विकास खंड क्षेत्र के गौरा स्थित चंद्रशेखर आजाद इंटर कालेज के प्रभारी प्रधानाचार्य पद को लेकर मामला एक बार फिर गरमाता नजर आ रहा है। शासन के उपसचिव अतुल कुमार मिश्र के 15 जुलाई के पत्र का संज्ञान लेते हुए उप शिक्षा निदेशक माध्यमिक प्रयागराज रामचेत ने मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक मिर्जापुर को प्रकरण का निस्तारण करते हुए रिपोर्ट मांगी है।
आरोप है कि इस विद्यालय की प्रबंध समिति व शिक्षा विभाग की मिलीभगत से वरिष्ठ शिक्षकों को नजर अंदाज कर वर्ष 2015 से ही एक कनिष्ठ शिक्षक धनराज सिंह को प्रभारी प्रधानाचार्य बना दिया गया। संत रविदास नगर भदोही के आशीष कुमार चौबे ने शासन स्तर पर इस मामले में नियुक्ति की शिकायत की थी। जिस पर शासन ने निदेशक माध्यमिक शिक्षा परिषद को पत्र लिखा। उसी पत्र के क्रम में 23 जुलाई को प्रयागराज के उप शिक्षा निदेशक माध्यमिक राम चेत ने मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक मिर्जापुर को पत्र देकर प्रकरण का निस्तारण करते हुए आख्या मांगी है। बतादें कि प्रबंध समिति व शिक्षा विभाग की मिली भगत से वर्ष 2015 मे वरिष्ठता क्रम को दर किनार कर कनिष्ठ शिक्षक को प्रभारी प्रधानाचार्य बना दिया गया तो बरिष्ठता के आधार पर प्रधानाचार्य बने रामरसीले पांडेय ने हाईकोर्ट तक का दरवाजा खटकाया और सेवा निवृत्त भी हो गए। अब पुन:शिकायत की गई है और वरिष्ठता क्रम मे आने वाले शिक्षक को प्रधानाचार्य बनाए जाने की मांग की गई है। कुछ वरिष्ठ शिक्षक प्रबंध समित व शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मंशा भांप कर मूक दर्शक बने हुए हैं। कनिष्ठ शिक्षक पर विद्यालय प्रबंध समित व शिक्षा विभाग क्यों मेहरबान हैं। यह क्षेत्र मे चर्चा का बिषय बना हुआ। बहरहाल अब इस बात पर नजरें टिकी हैं कि प्रबंध समित व शिक्षा विभाग अब क्या करता है।
वर्जन
अभी इस पत्र के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। पत्र मिलने के बाद देखा जाएगा कि इसमें क्या मामला है और क्या किया जा सकता है।
- कामताराम पाल, संयुक्त शिक्षा निदेशक, मिर्जापुर।