रोटरी क्लब मिर्जापुर गौरव के नए वर्ष 2015-16 का दायित्व ग्रहण समारोह शनिवार की देर शाम नगर के लालडिग्गी स्थित मिलन पैलेस के हाल में आयोजित किया गया।
समारोह के दौरान रोटरी क्लब मिर्जापुर गौरव के अध्यक्ष अनुराग त्रिपाठी एवं सचिव अनिल कुमार सहित उनकी नई टीम ने कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर वर्ष भर अच्छे कार्य करने वाले करीब 62 रोटेरियन सदस्यों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईपीडीजी सतपाल गुलाटी, नवनिर्वार्चित अध्यक्ष अनुराग त्रिपाठी और पूर्व अध्यक्ष राजबहादुर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जलित कर किया।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने अध्यक्ष व सचिव सहित उनकी नई टीम को शपथ ग्रहण कराया एवं नई टीम को शुभकामना देते हुए समाज के प्रति सेवा कार्य योजना से अवगत कराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने क्लब के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज से जुड़े हुए हर जरूरतमंदों की मदद करने के लिए क्लब के सदस्यों को तत्पर रहना होगा।
साक्षरता मिशन पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि वयस्क लोगों को शिक्षित करने के लिए कार्यक्रम चलाएं।
शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए सदस्यगण घर घर जाकर जागरूकता पैदा करें। क्लब की तरफ से नगर के रामकृष्ण सेवाश्रम के लिए एक व्हील चेयर प्रदान किया गया तथा स्वच्छता कार्यक्रम के तहत विद्यालयों में 15 शौचालय बनवाने की बात कही गई।
समारोह के दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनुराग त्रिपाठी व संचालन क्लब ट्रेनर पारितोष बजाज ने किया।
इस दौरान असिस्टेंट गर्वनर मुकेश अग्रवाल, वर्तमान सचिव अनिल अग्रवाल, डायरेक्टर क्लब एडमिनिस्ट्रेशन मो. परवेज खान, रमन पाहवा, रवि कल्याणी, विक्रम जैन, रोटरी क्लब मिर्जापुर के अध्यक्ष मनीष सर्राफ, कुलदीप खंडेलवाल, अब्दुल्लाह खान, राजेश सिंह, केपी पांडेय आदि रहे।