राजकीय इंटर कालेज के परिसर में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के तत्वावधान में बुधवार को बाल विज्ञान कांग्रेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बाल विज्ञानियों ने वातावरण में बढ़ रहे प्रदूषण के समाधान से संबंधित प्रोजेक्ट प्रस्तुत किये। कार्यक्रम में मिर्जापुर और सोनभद्र के स्कूलों के बच्चों ने आकर्षक प्रोजेक्ट बनाए।
जिला समन्वयक सुशील कुमार पांडेय ने बताया कि राज्य स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन छह से आठ नवंबर को कानपुर में आयोजित किया जाएगा। जिसके लिए बुधवार को जीआईसी में विज्ञान कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें बाल विज्ञानियों ने अपना लघु शोध पत्र मौसम और जलवायु पर प्रस्तुत किया।
उन्होंने बताया कि जूनियर वर्ग में मुहम्मद युसूफ सेंट मैरीज स्कूल द्वारा ईंट भट्ठा के प्रदूषण, अमर्त्य सिंह सेठ द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर द्वारा मौसम परिवर्तन, सुचिता यादव द्वारा सौर ऊर्जा की सहायता से मौसम को बचाने विषय पर प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे। वहीं शाश्वत मिश्रा लायंस स्कूल द्वारा वायु प्रदूषण, आयुषी सरार्फ द्वारा प्रदूषण के प्रभाव पर प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे। चयनित प्रतिभागी पांच को कानपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।