शनिवार को नगर में हुई झमाझम बारिश के बीच से होकर गुजरते लोग।
- फोटो : mirzapur
झमाझम बारिश होने से तापमान में आई भारी गिरावट से मौसम सुहाना हो गया। शनिवार की भोर से ही बारिश होने से जिले के किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बारिश होते ही कृषक खेतों में धान की नर्सरी डालने की तैयारी तेज कर दिए, वहीं जो पहले से नर्सरी डाले थे, वह रोपाई का काम शुरू कर दिए हैं। बारिश के चलते जगह-जगह जलभराव होने से लोगाें को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ा।
शनिवार की अल-सुबह से ही बारिश होने से प्रचंड गर्मी और उमस भरी गर्मी से लोगाें ने राहत की सांस ली। कभी झमाझम तो कभी रिमझिम बारिश होने से विंध्याचल सहित नगरीय इलाकों में जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, जिससे राहगीरों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ा। बारिश होने से जहां क्षतिग्रस्त नालियां उफान मारने लगी, वहीं जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से गलियों व सड़कों सहित मैदानाें में बारिश का पानी एकत्रित हो गया।
नगर के जंगी रोड स्थित मंडी परिसर, स्टेशन रोड, जुबिली इंटर कालेज मैदान सहित बीएलजे इंटर कालेज मैदान, सदर तहसील परिसर, संगमोहाल, जिला कारागार परिसर, देवपूरवा, पुतलीघर सहित विंध्याचल के बरतर तिराहा सहित कई अन्य स्थानों पर जलभराव हो गया था, जिससे कुछ घंटो तक राहगीराें का आवागमन बाधित रहा। पालिका प्रशासन की लापरवाही के चलते नगर सहित विंध्याचल की क्षतिग्रस्त नालियों को दुरूस्त नहीं कराए जाने से बारिश के बाद नालियां ओवरफ्लो करने लगी, जिससे नाली का गंदा पानी सड़क पर फैल गया, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
मौसम का मिजाज बदलने से हुई मौसम सुहाना हो गया, वहीं तापमान लुढ़कर काफी नीचे चला गया, वहीं बारिश होने से मायूस किसानाें के चेहरे खुशी से खिल उठे और वह धान की नर्सरी डालने की तैयारी में जुट गए।