मिर्जापुर। झिंगुरा-मिर्जापुर रेलखंड पर रेलवे समपार संख्या 2/बी पर रेल कार्य के चलते रेलवे फाटक से सड़क यातायात बंद रहेगा। सीनियर सेक्शन इंजीनियर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि समपार संख्या 2/बी पर बीसीएम मशीन से डीप स्क्रीनिंग का कार्य कराया जाएगा। इसके लिए फाटक को पांच अक्तूबर की सुबह सात बजे से सात अक्तूबर की शाम सात बजे तक बंद रखा जाएगा।
यह समपार झिंगुरा-मिर्जापुर रेलखंड के किलोमीटर 727/23-25 पर स्थित है। कार्य के दौरान सड़क यातायात को दूसरे रास्ते से संचालित करने की व्यवस्था की जाएगी। रेलवे ने संबंधित अधिकारियों से यातायात को वैकल्पिक मार्ग से संचालित कराने का अनुरोध किया है, ताकि रेल कार्य में बाधा न आए और निर्धारित समय में काम पूरा किया जा सके।