ड्रमंडगंज क्षेत्र के हलिया ड्रमंडगंज मार्ग पर स्थित ऊंटी गांव गड़बड़ा पुल के पास आभूषण की दुकान
ड्रमंडगंज। क्षेत्र के ड्रमंडगंज-हलिया मार्ग पर ऊंटी गांव स्थित गड़बड़ा पुल के पास रविवार की देर रात चोर आभूषण की दुकान का शटर चाड़ कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण उठा ले गए। सुबह दुकान से कुछ दूर सड़क किनारे झाड़ियों में आलमारी फेंकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की।
हलिया निवासी सतीश कुमार अग्रहरी ने ऊंटी गड़बड़ा पुल के पास किराये के मकान में आभूषण की दुकान खोल रखी है। रविवार की रात चोर दुकान का शटर चाड़ कर अंदर रखी आलमारी को नैड़ी अदवा मार्ग (पवांरी कलां मार्ग) पर ले गए। वहां आलमारी का लाॅक तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण उठा ले गए। आलमारी को झाड़ियों में फेंक दिया। सोमवार की सुबह टूटी आलमारी व दुकान का शटर खुला देख मझिगवां गांव निवासी वीरु मौर्य ने दुकानदार को सूचना दी। दुकानदार सतीश अग्रहरी ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे प्रभारी थानाध्यक्ष पुनीत गुप्ता और पुलिस टीम ने जांच कर दुकानदार से भी जानकारी ली। दुकानदार सतीश ने बताया कि करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं। पीड़ित दुकानदार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। प्रभारी थानाध्यक्ष पुनीत कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।