घायल पशु तस्कर सिराज अहमद। स्रोत- पुलिस
जिगना पुलिस ने कुसहा जड़ावती नदी पुलिया के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया
फोटो-32
संवाद न्यूज एजेंसी
जिगना/ मिर्जापुर। जिगना थाना पुलिस ने कुसहा जड़ावती नदी पुलिया के पास से शनिवार सुबह मुठभेड़ में पशु तस्करी के आरोपी सिराज अहमद को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी है। सिद्दीकीपुर थाना सरायख्वाजा जनपद जौनपुर निवासी सिराज की तलाशी में तमंचा और कारतूस बरामद किया।
सीओ लालगंज अमर बहादुर ने बताया कि 19 मार्च को जिगना क्षेत्रांतर्गत पाली के पास से ट्रक में 26 निराश्रित पशु बरामद हुए। मामले में जिगना थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। फरार चल रहे पशु तस्करी के आरोपी सिराज अहमद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने टीम का गठन किया। टीमें पशु तस्कर की तलाश में लगी थीं। जिगना पुलिस टीम को शनिवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि तस्कर अपने वाहन का पता लगाने व छुड़ाने की फिराक में चितौली आ रहा है। सूचना पर थाना जिगना पुलिस टीम ने ग्राम कुसहां जड़ावती नदी पुलिया के पास उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने जवाबी फायर किया। जवाबी कार्रवाई में सिराज अहमद निवासी सिद्दीकीपुर थाना सरायख्वाजा जनपद जौनपुर के बाएं पैर में गोली लगी। घायल तस्कर को इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल भिजवाया गया। मौके से मुठभेड़ तस्कर के पास से एक तमंचा, खोखा व कारतूस, मोबाइल और 1200 रुपये नकद बरामद किया।