मिर्जापुर। इन दिनों संकट मोचन-कचहरी मार्ग जाम के झाम से जूझ रहा है। नगर का मुख्य मार्ग होने के कारण सुबह से लेकर शाम तक लोगों का इस मार्ग से निकलना मुश्किल हो गया है। सिविल लाइंस, रमईपट्टी वाया जिला पंचायत व कचहरी के रास्ते जिला महिला व पुरुष अस्पताल तक पहुंचने के लिए लोगों को जूझना पड़ रहा है।
सुबह नौ बजे के बाद से ही सड़के जाम हो जा रही है। कचहरी परिसर के दोनों तरफ सड़क के पटरियों पर फूटपाथ छाप दुकानदारों, खड़े दो और चार पहिया वाहनों के चलते आमने-सामने से वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है। बतातें चलें कि संकट मोचन-तरकापुर के रास्ते रमईपट्टी मार्ग का जगह-जगह हो रहे निर्माण के चलते परेशानी का कारण माना जा रहा है। वासलीगंज से कचहरी व रमईपट्टी की तरफ आने-जाने वाले लोग कुछ दूरी तक बरियाघाट, ताड़केश्वर महादेव मंदिर स्थित रैदानी कालोनी के रास्ते रामबाग तक तो पहुंच जा रहे हैं पर अस्पताल के आसपास लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। जाम में फंसे स्कूल बच्चों, महिलाओं के साथ ही रोगियों और तिमारदारों को परेशान होना पड़ रहा है।