विंध्याचल। चैत्र नवरात्र के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल ने बुधवार को भारतीय स्टेट बैंक चौराहा के पास स्थित प्रशासनिक भवन में मेले की तैयारी को लेकर विभागवार समीक्षा की। कहा किसी भी दशा में 20 फरवरी तक सभी तैयारियां पूर्ण हो जानी चाहिए।
उन्होंने प्रसाद और वाहन स्टैंड पर मूल्य की सूची चस्पा करने, सुलभ शौचालय को पूरी तरह से व्यवस्थित करने, दवाओं का छिड़काव, रेलवे क्रासिंग के पास कोई रेलवे ट्रैक पैदल न पार करे इसे लिए पुलिया के आसपास बैरिकेडिंग लगवाने का निर्देश दिया। आस्थाधाम पर तीन स्थानों पर सस्ती दर पर पूड़ी और सब्जी मिलेगी। अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश स्वरूप पांडेय ने कहा कि क्षेत्र में साफ-सफाई, किसी भी यात्री के साथ किसी प्रकार का कोई दुर्व्यवहार न हो और गंगाघाट पर महिलाओं को कपड़ा बदलने की व्यवस्थाएं मुक्कमल की जाएं। बिजली की व्यवस्था ठीक की जाए। मेला क्षेत्र में भीड़ के चलते किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त ड्यूटी की व्यवस्था की जाए। अपर मुख्य अधिकारी को सभी 21 कार्यों को पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। राम का घाट शिवपुर में अतिक्रमण हटाने की बात कही। मेले में छुट्टा पशुओं को हटाने, आने वाले वीआईपी के लिए चार बजे तक दर्शन कराने की व्यवस्था हो। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बताया गया कि आठ जोन, 18 सेक्टर में मेला क्षेत्र को बांट कर 1500 पुलिसकर्मियों के भरोसे मेले की सुरक्षा की जाती है। डीएम ने शास्त्री सेतु और मेला क्षेत्र में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख द्वार व मार्ग पर बिजली और प्रकाश की व्यवस्था सुदृढ़ किए जाने की बात कही। मेला क्षेत्र के दौरान बाहर से आकर शरण लिए पॉकेटमारों की धरपकड़ के निर्देश दिए। बैठक में शास्त्री पुल, ओझला पुल, मां विंध्यवासिनी मंदिर, काली खोह व अष्टभुजा मंदिर को आकर्षक और रंगीन लाइटों के साथ सजावट का कार्य प्रमुखता से लिए जाने के निर्देश दिए बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट, एडीएम वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक, स्टेशन अधीक्षक समेत बिजली, पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण मौजूद रहे।