मड़िहान में तहसील दिवस पर फरियादियों की फरियाद सुनते जिलाधिकारी व पुलिस अधिक्षक, स्रोत संवाद
मिर्जापुर। जिले की चारों तहसील पर शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम पवन कुमार गंगवार ने मड़िहान तहसील में समस्याएं सुनीं। चारों तहसीलों पर 418 मामले आए जिनमें से मौके पर 33 का ही निस्तारण हुआ।
मड़िहान में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भैंसाखाद कुड़ी संपर्क मार्ग में अनियमितता बरती जा रही है। डीएम ने एसडीएम अनेग सिंह को जांच कर तीन दिनों में रिपोर्ट देने को कहा। सदर तहसील में 130 मामले आए जिनमें से 12 का निस्तारण हुआ। मड़िहान : संपूर्ण समाधान दिवस में 125 फरियादियो ने प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। इसमें से 15 का मौके पर निस्तारण हुआ। ग्राम पंचायत ददरा के ग्राम प्रधान रमेश कुमार यादव के साथ पहुंचे ग्रामीणों ने शिकायती पत्र में बताया कि-भैसाखाद-कूड़ी संपर्क मार्ग के लेपन कार्य में भारी अनियमितता बरती जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर बिछाई गई गिट्टियां पैर रगड़ने पर निकल जा रही हैं। मंडी समिति के ठेकेदार पानी छिड़काव और कुटाई का एस्टीमेट न होने की बात कह रहे हैं। एक दिन पहले ही राजगढ़ खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र कुमार वर्मा के निरीक्षण में भी खामियां मिली थी। मामले पर डीएम पवन कुमार गंगवार ने नाराजगी जताते हुए एसडीएम मड़िहान अनेग सिंह को तीन दिन में जांच कर रिपोर्ट देने का आदेश दिया। एसपी अपर्णा रजत कौशिक, एसडीएम अनेग सिंह, डीएफओ राकेश कुमार, जिला चकबंदी अधिकारी अशोक त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी सीएल वर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहे। चुनार: एडीएम नमामि गंगे विजेता ने समस्या सुनीं। 84 प्रार्थना पत्र पड़े इसमें तीन का निस्तारण हुआ। जमुहार गांव निवासिनी बदामा देवी ने शिकायती प्रार्थना पत्र देते हुए कहा कि उसके घर के पास सरकारी हैंडपंप लगा हुआ है। विपक्षी भगवानदास शिकायत कर्ता से रंजिश रखते हुए पानी लेने में व्यवधान करता है।
सराय टेकौर निवासिनी परवीन ने शिकायत की कि प्रधानमंत्री आवास के लिए जांच आया था लेखपाल बिना जांच पड़ताल के ही अपात्र होने की रिपोर्ट लगा दी है। इस दौरान एसडीएम राजेश वर्मा, तहसीलदार ईवेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार संजय सिंह, पुलिस उपाधीक्षक मंजरी राव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।