विंध्याचल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट निर्माणाधीन विंध्य काॅरिडोर का जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बुधवार को दोपहर में निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान धीमी प्रगति मिलने पर जिलाधिकारी कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदायी संस्था को विंध्य कॉरिडोर के काम 12 फरवरी तक पूरे कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी पुरानी वीआईपी व नई वीआईपी मार्ग, कोतवाली मार्ग, सदर बाजार पक्का घाट मार्ग के अलावा परिक्रमा पथ पर चल रहे काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। पुरानी वीआईपी मार्ग एवं नई वीआईपी मार्ग के मुख्य द्वार पर श्रद्धालुओं की सुविधा प्रदान करने के लिए जिलाधिकारी ने दो दिन में शौचालय का निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने पटरियों के किनारे नाली के ऊपर पत्थर बिछाकर जल्द ही काम कराने का निर्देश दिया। कोतवाली मार्ग पर सदर बाजार में 450 मीटर तक की गलियों को चौड़ा किया गया हैं। पटरी के किनारे अधूरे कार्य देख जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था एवं विद्युत निगम के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही काम जल्दी पूरा कराने का निर्देश दिया। कोतवाली मार्ग पर सदर बाजार में विद्युत निगम के अधिकारियों को 12 फरवरी तक मरम्मत कार्य कर गलियों में उपभोक्ताओं को बिजली कनेक्शन देने की हिदायत दी। साथ ही कोतवाली के पास सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आए दुकानों को भी ध्वस्त कराने का निर्देश दिया। सड़कों के बीच में लगे बिजली के पोल तथा तारों को जल्दी हटाने तथा मां विंध्यवासिनी मंदिर के परिक्रमा पथ पर बचे कार्यों को पूरा करने का निदेश दिया।