मिर्जापुर। हर घर नल से जल योजना में लापरवाही के कारण ग्रामीणों की पानी मिलने की बजाय उनकी उम्मीदों पर पानी फिर रहा है। चैंबर का निर्माण नहीं कराने के कारण पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने और लीकेज की समस्या से लोग परेशान हैं। एक जगह ऐसी गड़बड़ी होने पर पूरे गांव की जलापूर्ति बंद करनी पड़ती है। ऐसे में तीन से चार दिनों तक ग्रामीणों को पानी के लिए परेशान होना पड़ता है।
ओवरहेड टैंक से जलापूर्ति के लिए बिछाई गईं पाइप लाइन से जुड़े कनेक्शन में कहीं चैंबर का निर्माण नहीं कराया गया है। ऐसे में पाइप लाइन के क्षतिग्रस्त होने और लीकेज की समस्या सामने आ रही है। किसी एक जगह ऐसी गड़बड़ी होने पर पूरे गांव के लोग परेशान होते हैं। यह समस्या ज्यादातर गांवों में बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि चैंबर का निर्माण कर चाबी की व्यवस्था की जाए। इससे गड़बड़ी होने पर संबंधित इलाके की आपूर्ति बंद कर मरम्मत की जा सकती है। गांव के बाकी हिस्से में पानी की सप्लाई चालू रखी जा सकती है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता जल निगम राजेंद्र कुमार का कहना है कि डीपीआर के हिसाब से विकास कार्य कराया गया है। चैंबर निर्माण की व्यवस्था डीपीआर में थी या नहीं, इसकी जानकारी मुझे नहीं है।