लालगंज थाना क्षेत्र के बसही गांव में टावर पर चढ़ा युवक। स्रेात- संवाद
लालगंज। क्षेत्र के बसही गांव में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पवन कुमार (21) टावर पर चढ़कर प्रेमिका से शादी कराने की मांग करने लगा। चेतावनी दी कि यदि उसकी शादी प्रेमिका से नहीं कराई गई तो वह टावर से कूद जाएगा। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस को सूचना दी गई।
पवन बसही गांव का रहने वाला है। पड़ोस के पतुलकी गांव की युवती से पवन प्रेम करता है। परिजनों ने शादी से मना कर दिया। इसके चलते पवन रविवार सुबह सात बजे टावर पर चढ़कर शादी की मांग करता रहा। चार घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान पुलिस और ग्रामीण युवक को समझाने में जुटे रहे। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान ने भी परिजनों से बातचीत कर युवक को आश्वासन दिया कि मामले में बातचीत कर समाधान निकाला जाएगा। आश्वासन के बाद युवक नीचे उतरने को राजी हुआ। पुलिस ने उसे थाने ले जाकर काउंसलिंग की। इसके बाद परिजनों से बात कर उसे सौंप दिया। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि परिजनों से शादी कराने की बात की गई। टावर पर चढ़ने पर रेस्क्यू के लिए अग्निशमन की टीम बुला ली गई थी।