अदलहाट। क्षेत्र के समदपुर गांव में शुक्रवार को मकान के बाहर खेल रहा दो वर्षीय बालक खेत की सिंचाई के लिए बनी नाली में जा गिरा। गम्भीर हालत में परिजन उसे स्थानीय चिकित्सालय ले गए। जहां चिकित्सकों ने गम्भीरावस्था में उसे ट्रामा सेंटर वाराणासी के लिए रेफर कर दिया। जहां पहुंचते ही चिकित्सकों की टीम ने बालक को मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के समदपुर गांव निवासी दिलीप पटेल के मकान के पास से खेत की सिंचाई के लिए नाली निकली है। जिससे किसानों के खेतों की निरन्तर सिंचाई होती है। दिलीप का दो वर्षीय पुत्र अंशु खेलते-खेलते नाली की ओर चला गया। उस समय बच्चे के पिता घर पर मौजूद थे। माता बर्तन साफ कर रही थी। मां घर के बाहर आयी तो बच्चे को खोजने लगी। पत्नी के द्वारा बालक न मिलने की आवाज लगाने के बाद पिता भी आस-पास खोजने लगा। बेटे के न मिलने पर दोनों निराश हो गए। जब सिंचाई की नाली की ओर गए तो देखा कि उनका बेटा पानी में गिरा हुआ था। उसे गम्भीर अवस्था में परिजन स्थानीय चिकित्सालय ले गए। जहां चिकित्सकों ने बालक की गम्भीर अवस्था को देखते हुए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। असमय बेटे की हुई मौत से परिवार के लोगों का रो-रो का बुरा हाल है।