अस्पताल में एचआईवी-एड्स को लेकर जानकारी देते डाक्टर। स्रेत- सूचना विभाग
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर जागरूकता अभियान, दो महीने तक चलेगा विशेष अभियान
मिर्जापुर। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर बुधवार को जिला चिकित्सालय परिसर में एचआईवी-एड्स के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। राज्य एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आयोजित कार्यक्रम में युवाओं और आमजन को एचआईवी संक्रमण से बचाव, सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच और उपचार की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जनपद में यह विशेष जागरूकता अभियान अगले दो माह तक लगातार चलेगा।
जिला क्षय रोग अधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ओझा की अध्यक्षता और प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन किशोर के दिशा-निर्देशन में हुए कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। लोगों को एचआईवी-एड्स से जुड़ी भ्रांतियों और गलत धारणाओं से बचने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने कहा कि सही जानकारी के अभाव में बीमारी के लिए समाज में भेदभाव की स्थिति बनती है। इसे दूर करने के लिए लोगों तक तथ्यपरक जानकारी पहुंचाना जरूरी है।
अभियान के दौरान संक्रमण से बचाव के उपायों के साथ समय पर एचआईवी जांच और उपचार के महत्व के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि जागरूकता एचआईवी-एड्स की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है। खासकर युवाओं को सही जानकारी देकर सुरक्षित और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने की जरूरत है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अगले दो माह तक जिले के अलग-अलग स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं और आमजन तक पहुंच बनाकर एचआईवी-एड्स से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही लोगों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और जांच-उपचार की सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी। इस दौरान डॉ. उमेश श्रीवास्तव, डॉ. अखिलेश दुबे आदि मौजूद रहे।