लालगंज। क्षेत्र में रसोई गैस की कमी और समय से आपूर्ति न होने के कारण उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। इसकी सबसे अधिक मार महिलाओं को रसोई में झेलनी पड़ रही है। महिला उपभोक्ताओं ने कहा कि दो हजार का इंडक्शन दोगुनी कीमत पर भी बाजार में उपलब्ध नहीं है।
गैस सिलिंडर में देरी से लोग वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में इंडक्शन चूल्हों की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं। इसके चलते बाजार में इंडक्शन की मांग अचानक बढ़ गई है और अब स्थिति यह है कि ऊंचे दामों के बावजूद इंडक्शन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
लालगंज तहसील मुख्यालय के साथ ही दुबार कला, लहंगपुर, बरकछ, तिलांव और कोटा बाजार में इंडक्शन की भारी कमी देखी जा रही है। दुकानों पर स्टॉक खत्म हो चुका है।
दुकानदारों ने बताया कि पहले जो इंडक्शन 1500 से 2000 रुपये तक में मिल जाते थे, वे अब तीन से चार हजार में भी नहीं मिल रहे हैं। ऑर्डर के बाद भी माल की सप्लाई नहीं हो पा रही है। दुकानदारों ने बताया कि गैस की कमी के चलते अचानक इंडक्शन की मांग बढ़ गई है लेकिन कंपनियों से पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही हैं।
इससे बाजार में किल्लत और कीमतों में उछाल दोनों देखने को मिल रहे हैं। यदि गैस सिलिंडर की आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।