शेरवां। अदलहाट शेरवां चकिया मार्ग पर स्थित चिलबिलिया गांव में शाम ढलने व अंधेरा होने के बाद विगत एक सप्ताह से पत्थर बरस रहे हैं। इसके चलते गांव में भय का माहौल है।
शेरवां पुलिस का कहना है कि शरारती तत्वों द्वारा देर रात को एक सप्ताह से कई मकानों की छतों पर पत्थर फेंके जा रहे है। पत्थर फेंकने का कारण गांव में आपसी रंजीश व जमीन का विवाद भी हो सकता है। दोनों पहलुओं पर जांच-पड़ताल की जा रही है। हालांकि इस पत्थरबाजी में अब तक किसी को चोट नहीं आई है। गांव के बबलू चौबे, श्यामनरायन चौबे, शितलेश्वर चौबे, राजेश चौबे सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों ने बताया कि रोजाना शाम ढलते ही लोगों की छतों पर पत्थर फेंका जा रहा है। इस संबंध में शेरवां पुलिस को सूचना भी दी गई। इस संबंध में शेरवां पुलिस ने अब तक चार संदिग्ध लोगों को पकड़ चालान किया है। शेरवां चौकी प्रभारी मानवेन्दर सिंह ने बताया कि शरारती तत्वों का पता लगाया जा रहा है। रोजाना पुलिस गांव में देर रात तक गस्त कर रही है। जल्द ही शरारती तत्वों को गिरफ्तार किया जाएगा। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से ऐसे शरारती तत्वों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है।