कोरोना काल में आंशिक कर्फ्यू समाप्त होने के बाद सोमवार से शुक्रवार तक छूट मिलने पर मंगलवार से दुकानें खुल गई। सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक दुकान खुलने की अनुमति पर लोग खरीदारी के लिए घरों से निकल पड़े। इस दौरान दुकानदारों कोरोना गाइड लाइन का पालन किया। दुकानों पर ग्राहक पहुंचते ही कई दुकानदारों की ओर से ग्राहकों के हाथ सैनिटाइजर कराए जा रहे थे।
नगर के सिविल लाइन, स्टेशन रोड, महुवरिया, रमईपट्टी, रामबाग, वासलीगंज, स्वामी दयानंद मार्ग, घंटाघर, बसनई बाजार, त्रिमुहानी, पेहटी का चौराहा, गिरधर का चौराहा, तेलियागंज, धुंधीकटरा, मुकेरी बाजार, संगमोहाल, लालडिग्गी व इमामबाड़ा आदि बाजारों में स्थित दुकानों पर भीड़-भाड़ से दुकानदारों के चेहरे खिले रहे। ज्यादातर भीड़ कपड़े, कास्टमेटिक, इलेक्ट्रानिक दुकानों पर देखी गई। सराफा बाजार भी गुलजार रहा। ग्रामीणांचलों में स्थित दुकानें पूर्ण रूप से खुली रहीं। दुकानों पर पूर्व की भांति चहल-पहल बना रहा। जिगना: लाकडाउन में छूट मिलते ही बाजारों में भीड़ बढ़ गई। शादी विवाह से संबंधित लोगों ने दुकानों से कपड़े , जेवरात व अन्य सामान की खरीदारी की। क्षेत्र के जिगना, हरगढ़, बिहसड़ा, बिजयपुर, गोडसर, खम्हरिया, भटेवरा, श्रीनिवासधाम, गैपुरा, कटरा व कुशहां आदि बाजारों में स्थित दुकानदारों के चेहरे पर मुस्कान रही। सोमवार से शुक्रवार तक छूट मिलने पर दुकानदार संतुष्ट दिखे।
प्रतिष्ठानों के साफ-सफाई में जुटे दिखे
मिर्जापुर। कोरोना कर्फ्यू के चलते लगभग महिने भर से दुकानें बंद रहीं। मंगलवार को उद्योग व व्यापारिक प्रतिष्ठानों में लोग सफाई में जुटे रहे। ताउते चक्रवात व यास तूफान के चलते हुई बारिश से कुछ दुकानों में पानी टपकने से सामान आदि भींग गए थे। जिसे वे सहेजने में जुटे रहे। बर्तन कारोबारी भी दिनभर मशीनों, औजारों की साफ-सफाई में जुटे रहे।