मिर्जापुर। मुसफ्फरगंज स्थित केबी पीजी काॅलेज में मंगलवार को छात्रों ने धरना प्रदर्शन कर छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन यदि जल्द चुनाव कार्यक्रम की घोषणा नहीं करता तो आंदोलन किया जाएगा।
सुबह महाविद्यालय खुलते ही छात्र मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कॉलेज प्रशासन छात्रसंघ चुनाव नहीं करा रहा। यह छात्रों के मौलिक अधिकारों का हनन है। इसलिए महाविद्यालय में जल्द से जल्द छात्रसंघ चुनाव कराया जाए। ऐसा नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए विवश होंगे। वहीं, कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि इस संबंध में मामला न्यायालय में लंबित है। इसमें वह भी पार्टी हैं। इसलिए अभी वह कुछ नहीं कह सकते। धरना प्रदर्शन में शुभम, राजकुमार, संदीप, शिवा आदि शामिल थे।
बंद रहे शुल्क काउंटर, परेशान रहे विद्यार्थी ः केबी पीजी काॅलेज में छात्रों के धरना प्रदर्शन के कारण शुल्क काउंटर बंद रहे। मंगलवार को स्नातक की कक्षाओं में प्रवेश का अंतिम दिन था। सोमवार को आंबेडकर जयंती के अवकाश की वजह से बंद था। ऐसे में शुल्क काउंटर बंद होने के कारण प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राएं भटकते रहे। प्राचार्य ने बताया कि प्रवेश की तिथि बढ़ाई जाएगी।