राजगढ़। मड़िहान थाना के राजगढ़ पुलिस चौकी परिसर में शुक्रवार की दोपहर एएसपी नक्सल अजय कुमार सिंह ने नक्सल प्रभावित जनपद सोनभद्र, चंदौली व मिर्जापुर के नक्सल प्रभावित थानों व क्षेत्राधिकारियों की संयुक्त बैठक की। इस दौरान नक्सल प्रभावित थानों, उनके प्रभारियों को विशेष रूप से सतर्कता बरतने, जंगलों में पैनी नजर रखने के निर्देश दिया गया।
नक्सल गतिविधियों के बारे में लोगों को सावधान करने के संबंध में भी चर्चा की गई। ग्रामीण इलाकों और क्षेत्रों में जमीन संबंधी विवादों को जल्द से जल्द निपटाने के लिए निर्देशित किया गया, जिससे सोनभद्र के उभ्भा गांव जैसी घटनाएं दोबारा न हो सकें। गुलाबी ठंड का मौसम शुरू होते ही बिहार, छत्तीसगढ़ व झारखंड राज्यों से नक्सली मूवमेंट उत्तर प्रदेश की ओर देखा जाता है। इसमें जनपद चंदौली सहित सोनभद्र, मिर्जापुर के जंगली क्षेत्रों में अक्सर नक्सलियों की सक्रियता देखी जाती है। पुलिस ने प्रत्येक क्षेत्र में मुखबिरों को लगा दिया गया है ताकि कोई भी शहर, बाजारों, कस्बों व जंगल से सटे हुए गांवों में बंदूकधारी या संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो उनकी सूचना तत्काल पुलिस को मिल जाए।