पहाड़ी विकास खंड के चेंदुली में शुक्रवार को प्रदेश सरकार के तीन मंत्रियों ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की शिकायतों की सुनवाई की। अधिकांश ग्रामीणों की शिकायत राशन, आवास व किसान सम्मान निधि के साथ बिजली-पानी की सुविधा नहीं मिलनेे से संबंधित थी। ग्रामीणों ने मंत्रियों से अपनी शिकायत दर्ज कराकर समस्याओं के समाधान की मांग की। ग्रामीणों को मंत्रियों ने उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही मौके पर उपस्थित अधिकारियों को बुलाकर ग्रामीणों का नाम व शिकायत नोट कराया और समाधान करने की हिदायत दी।
तय कार्यक्रम से एक घंटा पूर्व चौपाल में प्रदेश के पंचायती राज मंत्री व मंडल प्रभारी भूपेंद्र सिंह चौधरी, आयुष राज्य मंत्री डॉ.दयाशंकर मिश्र दयालु व कारागार मंत्री सुरेश राही पहुंच गए। वहां एकत्र ग्रामीणों से मंत्रियों ने उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही यह जानने की कोशिश भी की कि सरकार की योजनाओं का लाभ उनको मिल रहा है अथवा नहीं। ग्रामीणों का कहना था कि उनको आवास, किसान सम्मान निधि, राशन आदि योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। मुख्य रूप से ग्रामीणों की तरफ से मनरेगा के तहत रोजगार, बिजली- पानी, पीएम व सीएम आवास, शौचालय आदि से संबंधित समस्याएं उठाई गईं। मंत्रियों के दल ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ-सबका विकास चाहती है। इसके लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। मंत्रियों ने कहा कि अधिकारी विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उसे गति प्रदान करें। पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इसलिए चौपाल लगाई जा रही है ताकि सरकार जो लाभार्थी परक योजनाएं चला रही है, उसकी समीक्षा की जा सके कि जनता तक इन योजनाओं का लाभ पहुंच पा रहा है अथवा नहीं। उन्होंने कहा कि सबका साथ - सबका विकास के ध्येय के साथ डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। हर व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्रा ने सभी के प्रति आभार जताया। चौपाल में जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार, एसपी अजय कुमार सिंह, सीडीओ श्रीलक्ष्मी वीएस, एडीएम शिवप्रताप शुक्ल, उप निदेशक कृषि अशोक उपाध्याय, जिला कृषि अधिकारी पवन कुमार प्रजापति व अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।