जिला समाजवादी पार्टी की ओर से गुरुवार को समाजवादी चिंतक डाॅ. राम मनोहर लोहिया का 107 वीं जयंती मनाई गई। सपा कार्यालय लोहिया ट्रस्ट में आयोजित गोष्ठी की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने की। सपाजनाें ने डा. लोहिया के चित्र पर माल्यार्पण किया।
अध्यक्षता करते हुए सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने कहा कि आज के राजनैतिक परिवेश में लोहिया जी के विचार बहुत ही प्रासंगिक हो गए हैं। उन्हाेंने कहा कि देश और प्रदेश में अमन-चैन कायम रखते हुए देश को उन्नति के शिखर पर ले जाना है तो डा. लोहिया के बताए हुए रास्ते पर चलना होगा। डॉ. लोहिया जाति-पाति से दूर सर्वसमाज के उत्थान और गरीबों व अमीरों के बीच की खाईं को पाटने तथा नर-नारी को समाज में बराबरी का हक दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया।
नगर पालिका परिषद के पूर्व चेयरमैन अरूण कुमार दूबे ने श्री लोहिया को प्रखर एवं स्पष्ट वक्ता बताते हुए उनके द्वारा दिए गए नाराें का विस्तृत विश्लेषण किया। गोष्ठी को गुलाब चंद्र उर्फ मुन्नी यादव, सुरेंद्र सिंह पटेल, देवी चौधरी, जवाहिर मौर्य, इंद्रजीत पांडेय, ममता यादव, नसीम कुरैशी, अभय यादव ने संबोधित किया। लक्ष्मण ऊमर, अभिषेक दूबे, जुम्मन खां, सुनील रत्नाकर, तूफानी यादव, शैलेष पटेल, अभिषेक यादव, ओपी यादव, सुनील यादव आदि रहे।