जिगना। थाना क्षेत्र के नेगुराबान सिंह गांव में बुधवार को देर रात पति ने सो रही पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने अपने साढ़ू को फोन कर इसकी जानकारी दी। साढ़ू की सूचना पर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के भाई ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी और अन्य अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंच कर आरोपी से पूछताछ की।
राम नरेश बिंद की शादी नौ वर्ष पहले देहात कोतवाली के पहाड़ी बरौधा निवासी छटंकी लाल की पुत्री गुंजा देवी के साथ हुई थी। रामनरेश मूल रूप से जिगना थाना क्षेत्र के गांव बागजोरावर खैरा का निवासी था। नाना के यहां कोई न होने की वजह से ननिहाल में ही रहता था। खेती के अलावा झाड़फूंक व ओझैती भी करता है। दंपती से पांच पुत्र हैं। बुधवार की रात गुंजा देवी पति और बच्चों को खाना खिलाने के बाद सो गईं। आरोप है कि इसी बीच देर रात पति राम नरेश ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद अपने साढ़ू राजेश कुमार बिंद को फोन कर इसकी सूचना दी। राजेश ने गांव के अन्य लोगों व पुलिस को सूचना दी। रामनरेश ने भागने की कोशिश की लेकिन ग्रामीणों ने उसे रोके रखा। सूचना पर थानाध्यक्ष जिगना प्रणय प्रसून श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सीओ लालगंज उमाशंकर सिंह, एएसपी नक्सल महेश सिंह अत्रि और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह मौके पर जांच के लिए पहुंचे। एसपी ने आरोपी से पूछताछ की। एसपी के मुताबिक हत्यारोपी ने बताया कि उसे पत्नी पर गलत आचरण को लेकर आशंका थी। जिसके लिए उसकी हत्या कर दी। मृतका के भाई मुन्नर बिंद की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।