मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के कनोही राजा गांव में मंगलवार की रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे मृतका के पिता ने लालगंज थाने में पिटाई कर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस मृतका के पति और ननद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र के तिग्जा गांव निवासी दिलीप कुमार शर्मा ने बताया कि 2014 में अपनी पुत्री संगीता (30) की शादी लालगंज के कनोही राजा गांव निवासी करन शर्मा पुत्र हरिशंकर शर्मा के साथ की थी। शादी के बाद दंपती को दो बच्चे हुए। आरोप लगाया कि दामाद करन शर्मा का किसी और महिला से चक्कर चल रहा था, इसलिए दामाद ने अपनी बहन के साथ मिलकर उसकी पुत्री की मंगलवार की रात पिटाई कर हत्या कर दी।
तहरीर मिलने पर थानाध्यक्ष राम नरायन राम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी पति करन शर्मा और ननद रन्नो देवी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। सूचना पर सीओ लालगंज उमाशंकर सिंह ने मौके पर पहुंच कर जांच की।