कछवां। थाना क्षेत्र के महामलपुर गांव में बुधवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर झूलती मिली महिला की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति सहित छह के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। गुरुवार को पति, सास-ससुर को कटका ओवर ब्रिज के पास से गिरफ्तार किया।
जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के भवानीगंज गांव निवासी बोधी सोनकर ने पुत्री ज्योति सोनकर की शादी लाकडाउन के दौरान 24 मई को कछवां के महामलपुर गांव निवासी विंध्यवासिनी उर्फ राजन सोनकर से की थी। राजन सोनकर पहले से शादीशुदा था। ज्योति की बुधवार को संदिग्ध हालात में फंदे पर लटकने से मौत हो गई। महिला के भाई राजू सोनकर ने उसके पति सहित ससुराल वालों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। उप निरीक्षक रमाकान्त यादव ने गुरुवार को कटका ओवरब्रिज से पति, ससुर लालचन्द, सास लक्ष्मी देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।