मिर्जापुर। प्री मानसून ने दस्तक दे दी है लेकिन नगर में अभी तक नालियों की सफाई का काम पूरा नहीं हो पाया। अभी भी 30 फीसदी नालियां कूड़े-कचरे से बजबजा रही हैं। नगर पालिका ने अप्रैल में सफाई अभियान शुरू किया था लेकिन 21 जून तक पूरा करने की मियाद तय की गई थी। ऐसे में तीन दिन में यह काम कैसे पूरा हो पाएगा। ऐसी स्थिति में इस बार भी बरसात में लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ेगा।
नगर पालिका क्षेत्र में सात बड़े नाले, 27 मध्यम और 125 छोटे नालों के अलावा करीब 190 किलोमीटर लंबी नालियां हैं। इन नालियों से घरों के पानी के अलावा बरसात का पानी गंगा में जाता है। मानसून के पहले ही नाले-नालियों की सफाई कराने के लिए नगर पालिका ने अप्रैल में अभियान शुरू किया था। 700 सफाई कर्मियों के बावजूद अभी तक काम पूरा नहीं हो पाया। बड़े नालोंं की तो सफाई हो गई है लेकिन 30 प्रतिशत छोटे नालों और नालियों की सफाई का काम बाकी है। अनगढ़, सिविल लाइन, वासलीगंज, नटवा आदि जगहों पर नाले-नालियां जाम हैं।
पिछले दो दिन पहले ही प्री मानसून ने दस्तक दे दी थी। जल्द ही मानसूनी बारिश जल्द शुरू हो जाएगी। यदि इसी बीच तेज बरसात होती है तो इन जगहों पर जलभराव होने की पूरी तरह संभावना है। मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज कुमार सेठ का कहना है सफाई का काम जल्द पूरा करा लिया जाएगा।
इन वार्डों में होता है जलभराव
नगर में सिविल लाइन के पास, पुरानी दशमी वार्ड, संकटमोचन वार्ड, चंद्रदीपा वार्ड तथा बसही और पक्का पोखरा वार्ड के कई मोहल्लों में तेज बारिश होने पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। सिविल लाइन तिराहे के पास भी जलभराव होता है।