त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए पहाड़ी, पटेहरा कला और राजगढ़ में मतदान 17 अक्तूबर को होगा। मतदान के लिए शुक्रवार को पोलिंग पार्टियां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बूथों के लिए भेजी गई।
जिला मजिस्ट्रेट राजेश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन ने केंद्रों पर पहुंच कर पोलिंग पार्टियों की रवानगी का निरीक्षण किया। साथ ही अपनी निगरानी में पोलिंग पार्टियों की रवानगी भी कराई।
जिला मजिस्ट्रेट ने मतदान कार्मिकों को निर्देश देते हुए कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सकुशल, स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए कटिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि बूथों पर मतदान सामग्री और स्टेशनरी भेजने के पहले सावधानी पूर्वक मिलान कर लें। सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट दायित्व का सही निर्वहन करें।
मतदान सामग्री की पैकेटिंग करते समय ध्यान रखा जाए कि जिस मतदान स्थल पर जिस संख्या का मतपत्र जाना है वही जा रहा है और पैकेटिंग के बाद इस आशय का प्रमाण पत्र जिला निर्वाचन सेक्टर मजिस्ट्रेट को देंगे। सीडीओ अमित कुमार सिंह ने कहा कि जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट, सभी एसडीएम मतदान के दिन चक्रमण करें। जिससे चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
राजगढ़ संवाददाता के अनुसार विकास खंड में नौ न्याय पंचायत और 83 ग्राम पंचायतें हैं। जिनमें जिला पंचायत के चार और क्षेत्र पंचायत के 107 पदों के लिए चुनाव होगा। चुनाव के लिए 108 मतदान केंद्र और 254 मतदान स्थल बनाए गए हैं। ब्लाक को दो जोन और 18 सेक्टर में बांटा गया है।
जिसमें से 42 सामान्य, 27 संवेदनशील, 32 अति संवेदनशील तथा सात मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखा गया है। इस चरण में मतदान के लिए 269 मतदान केंद्र और 535 मतदान स्थल बनाए गए हैं।
पोलिंग पार्टियों को वितरित किए जा रहे मतपत्रों में कुछ भिन्नताएं थीं, जिसे पीठासीन अधिकारियों द्वारा शिकायत करने पर सही मतपत्र दिया गया। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में मतदान होने के कारण सुरक्षा के चाक चौबंद व्यवस्था किया गया है। इस दौरान बीडीओ सरिता सिंह, एसडीएम मड़िहान जैनेंद्र सिंह, तहसीलदार मृत्युंजय सिंह, एसओ मड़िहान पंकज यादव, चौकी प्रभारी राजगढ़ भास्कर मिश्रा आदि मौजूद रहे।
पहाड़ी संवाददाता के अनुसार शिवलोक श्रीनेत महाविद्यालय से तीसरे चरण के चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां शुक्रवार को रवाना हुईं। डीएम और एसपी ने अपनी निगरानी में पोलिंग पार्टियों को रवाना कराया। जिला पंचायत सदस्य के तीन और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 68 पदों के लिए चुनाव होगा।
मतदान के लिए ब्लाक में 80 मतदान केंद्र और 140 मतदान स्थल अर्थात बूथ बनाए गए हैं। ब्लाक को दो जोन और छह सेक्टर में बांटा गया है। ब्लाक में 28 सामान्य, 26 संवेदनशील, 17 अति संवेदनशील मतदान केंद्र हैं।
मड़िहान संवाददाता के अनुसार पटेहरा ब्लाक से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया है। विकास खंड पटेहरा कलां में छह न्याय पंचायत और 50 ग्राम पंचायतें है। जिसमें जिला पंचायत सदस्य के तीन और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 67 पदों के लिए चुनाव होगा।
चुनाव के लिए ब्लाक में 81 मतदान केंद्र और 141 मतदान स्थल बनाए गए हैं।