मिर्जापुर। जिला मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ की ओर से शनिवार को अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ सेवन निषेध दिवस के उपलक्ष्य में मंडलीय अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें नशा व मादक पदार्थों के सेवन से होने वाली परेशानियों व मानसिक बीमारियों के विषय में लोगों को जागरूक किया गया।
मनोचिकित्सक डॉ. पूजा सिंह ने बताया कि नशीले पदार्थों के सेवन से मानसिक बीमारी होने का खतरा बहुत बढ़ जाता है। कहा कि जब नशे में व्यक्ति अत्यंत लिप्त हो जाता है तो इस तरह के मानसिक बीमारी के लक्षण उत्पन्न होने की संभावना बढ़ जाती है। लेकिन कोई भी व्यक्ति सही इलाज और दृढ़ आत्मविश्वास से इससे पार पा सकता है। मनोवैज्ञानिक राहुल सिंह ने काउंसिलिंग में आए लोगों से कहा कि लंबे समय से नशा करने पर सोचने समझने कि क्षमता प्रभावित होने लगती है। तेज तलब होने पर यदि व्यक्ति को नशा नहीं मिलता तो सारी शारीरिक एवं मानसिक परेशानियां उत्पन्न होने लगती हैं। ऐसी समस्याओं में औषधियों के साथ-साथ मनोवैज्ञानिक परामर्श आवश्यक है। साइकाइट्रिक सोशल वर्कर अभिषेक सोनकर ने नशे कि वजह से उत्पन्न होने वाली सामाजिक समस्याओं जैसे गरीबी, बेरोजगारी, पारिवारिक कलह चोरी, समाज में बढ़ती अपराध के साथ ही असामयिक मृत्यु के कारण पूरे परिवार को प्रभावित होना तथा व्यावसायिक समस्याओं के बारे में बताया। शिविर में मनोवैज्ञानिक राहुल सिंह, नर्स श्वेता वर्मा, अभिषेक सोनकर, तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम से डा. राजेश यादव व मंडावी देवी आदि रहे।
उपचार में यहां मिलेगी मदद
नशे या किसी प्रकार के मानसिक रूप से ग्रसित कोई भी व्यक्ति सहायता के लिए मंडलीय जिला चिकित्सालय में कक्ष संख्या 124 में सहायता के लिए आ सकता है। साथ ही विभाग के हेल्पलाइन 9451369522 पर भी संपर्क कर आवश्यक सलाह ले सकता है।
.....................................
अवैध नशा बेचने वाले की पुलिस को दें सूचना
मिर्जापुर। अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ सेवन निषेध दिवस पर पुलिस ने नशा मुक्ति की अपील की। एसपी अजय कुमार सिंह ने कहा कि युवाओं में नशे के प्रति लत तेजी से बढ़ रही है। हमारी संस्कृति और समाज में मादक पदार्थों के सेवन का कोई स्थान नहीं है। वर्तमान समय में मादक पदार्थों का सेवन एवं अवैध व्यापार एक गंभीर समस्या बन गया है । कहा इसके खिलाफ अभियान चलाना होगा। सभी लोगों को जागरूक करना होगा। अवैध मादक पदार्थ बेचने वालों की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।