जमालपुर। क्षेत्र पंचायत जमालपुर की बैठक में बुधवार को ब्लॉक प्रमुख मंजू सिंह की अध्यक्षता में पिछली कार्यवाही की पुष्टि करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए 22.14 करोड़ रुपये का बजट सदस्यों ने ध्वनिमत से पारित किया।
बैठक के दौरान कुछ ग्राम प्रधानों ने बीईओ पर अपशब्द बोलने का आरोप लगाते हुए सदन में हंगामा करने लगे। माफी मांगने के बाद बैठक को आगे बढ़ाया गया।
पास बजट से मनरेगा योजना के तहत चार लाख, दो हजार, 45 मानव दिवस का सृजन करते हुए 16.88 करोड़ रुपए का बजट पारित किया गया। पंचम राज्य वित्त के लिए 4.38 करोड़ रुपये तथा केंद्रीय वित्त आयोग के लिए 3.52 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया।
मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 109 मुख्यमंत्री आवास का लक्ष्य निर्धारित करते हुए 1.30 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया।
बीडीओ रक्षिता सिंह ने सदन के सदस्यों को जानकारी देते हुए बताया कि जिनका राशनकार्ड नहीं है उनकी फेमिली आईडी व किसानों का फॉर्मर रजिस्ट्री कराया जाना जरूरी है। बीडीओ ने कहा कि ऐसा न करने वाले सरकार के विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से वंचित हो सकते हैं।
इससे पहले मौजूद ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ब्लॉक प्रमुख मंजू सिंह ने समस्याओं को प्राथमिकता के साथ दूर कराने का आश्वासन दिया। ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने जिवनाथपुर-कंचनपुर स्टेट हाइवे के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की। डोहरी प्रधान प्रतिनिधि अमरनाथ सिंह ने बाढ़ से नष्ट फसलों के मुद्दे को उठाते हुए किसानों को फसल बीमा का लाभ दिलाने की मांग की।
तेतरिया प्रधान रीता कुमारी ने ग्राम पंचायत में अधूरे माॅडल शॉप तैयार कराने की मांग की। क्षेत्र पंचायत की बैठक में अधिकांश ग्राम प्रधानों ने गांव के विकास के लिए रुके किश्त रिसीव न होने की समस्या से सदन को अवगत कराया तथा दीपावली से पहले धनराशि खाते में भेजने की मांग की।
ग्राम प्रधान संदीप गुप्ता, अनिल पटेल, श्याम लाल यादव, अमरनाथ पटेल, दिनेश बियार, आनंद सिंह, ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।