मिर्जापुर। जिले में 19 फरवरी को ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया है। इसमें जिले में निवेश करने वाली नामी-गिरामी कंपनियां शामिल होंगी। दस करोड़ से ज्यादा निवेश करनी वाली कंपनियों को लखनऊ में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित ग्राउंड सेरेमनी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है, जबकि 10 करोड़ से कम निवेश करने वाली कंपनियां अपने जिले में आयोजित ग्राउंड सेरेमनी में शामिल होंगी।
जिले में निवेश के लिए अब तक कुल 247 एमओयू साइन हुए हैं। इसमें कुल 29 हजार 60 करोड़ रुपये निवेश किया गया है। इसके तहत अलग-अलग तरह के 34 हजार से ज्यादा को रोजगार प्रदान किया जाएगा। जनपद में कुल 84 यूनिट हैं। जिसमें 20 यूनिट ऐसी हैं, जिनमें उत्पादन भी शुरू हो चुका है। विभिन्न कंपनियों की तरफ से कुल 7 हजार 58 करोड़ रुपये निवेश किया गया है। यूनिट लगने से 14 हजार 370 लोगों को रोजगार प्राप्त होने की उम्मीद है। जिले में ज्यादातर यूनिट चुनार क्षेत्र में लगाई गई हैं। बड़ी कंपनियों के निवेश पर गौर करें तो चुनार में ब्रिजेल एनर्जी की ओर से 50 करोड़ रुपये, इंडियन ऑयल कारपोरेशन की ओर से 1100 करोड़ रुपये, लालगंज में मां अन्नपूर्णा एग्रो की ओर से 30 करोड़ रुपये, एपेक्स वेलकेयर मेडिकल कॉलेज एवं नर्सिंग होम की ओर से चुनार में 500 करोड़ रुपये, चुनार में ही वज्र काया ग्रीन पावर प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 10 करोड़, एक अन्य कंपनी की ओर से चुनार में 80 करोड़ तथा 150 करोड़ की दो इकाइयां लगाई जा रही हैं। इसी तरह से आरएलजे ग्रुप की ओर से मिनरल एवं स्टील प्लांट के लिए 500 करोड़ रुपये, अपोलो पाइप लिमिटेड गुडगांव की कंपनी की ओर से चुनार में 150 करोड़ रुपये, ऑरडिनल इन्वर्सिटी की ओर से मड़िहान में 150 करोड़ के अलावा विंध्य ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से चुनार में 25 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इसके अलावा ब्रजदेव एथेनाल की ओर से 250 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। उपायुक्त उद्योग अशोक कुमार का कहना है कि 19 फरवरी को जिले में ग्राउंड सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा। जिले में 10 करोड़ रुपये से ज्यादा निवेश करने वाली कंपनियों को लखनऊ में आयोजित ग्राउंड सेरेमनी में आमंत्रित किया गया है। इससे कम निवेश करने वाली कंपनियां जिले में आयोजित ग्राउंड सेरेमनी में शामिल होंगी।