मिर्जापुर। थाना समाधान दिवस पर शनिवार को जिले के 18 थानों पर 298 मामले आए। इनमें से केवल 20 का निस्तारण हुआ। इनमें अधिकांश मामले भूमि विवाद और कब्जे से संबंधित रहे। हलिया के सोनगढ़ा गांव निवासी सुभान, अली, विश्वनाथ आदि ने सामूहिक रूप से प्रार्थना पत्र देकर बताया कि जिस मोहल्ले में वे लोग रहते हैं, वहां आने-जाने का रास्ता एक व्यक्ति ने बाधित कर दिया है। बारिश में आवागमन में परेशानी हो रही है। खड़ंजे के रास्ते को बंद कर देने के साथ ही बगल में पिलर लगाकर तारबंदी कर दी गई है। इससे लगभग 20 घरों के लोगों का रास्ता बंद हो गया है।
पटेहरा के उमेश कुमार ने प्रार्थना पत्र देकर विपक्षी पर जबरन भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाया। बनकी के शिव निवास, सिरसी के रामानंद और करौदा के रामचरित्तर ने प्रार्थना पत्र देकर पट्टे की जमीन का सीमांकन कराकर कब्जा दिलाने की मांग की। मड़िहान थाना पर अपना दल (एस) के जिला सचिव धर्मेंद्र सिंह सेमरी व ग्राम सभा दरवान के बीच विवाद का मामला आया। इसे राजस्व निरीक्षक व पुलिस फोर्स के साथ नाप-जोख कर समाधान करने के लिए दिया गया।
जमालपुर के करजी गांव निवासी देवेंद्र कुमार दुबे ने रजिस्ट्री की गई जमीन पर कब्जा नहीं मिलने की शिकायत की। जिगना के ग्राम पंचायत गोगांव की प्रधान प्रशासक सियादुलारी ने पांचवीं बार गोगांव व रामपुर हंसवार की सीमा पर स्थित चक मार्ग के सीमांकन की मांग की। बताया कि 200 मीटर सड़क का सीमांकन न होने से निर्माण नहीं हो पा रहा है। इस मार्ग से आधा दर्जन गांवों के लोगों का आवागमन होता है। राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन नहीं किया जा रहा है। तहसीलदार ने टीम गठित कर सीमांकन करने का निर्देश राजस्व निरीक्षक को दिया है। गोगांव के सुरेंद्र कुमार ने दूसरी बार शिकायत की कि उनकी भूमिधरी जमीन, जिसमें नींव भरी है, उसमें दूसरे व्यक्ति ने जबरन मड़ई रख ली है।
कटरा कोतवाली में मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने विंध्याचल थाने में फरियाद सुनी। हलिया में थाना समाधान दिवस की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी लालगंज अजित कुमार ने की। इस अवसर पर सहायक चकबंदी अधिकारी देवेंद्र कुमार यादव, थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव और लेखपाल कृष्ण चंद्र मिश्र मौजूद रहे।
पटेहरा : संतनगर थाना में शनिवार को तहसीलदार आशीष कुमार पांडेय की अध्यक्षता में समाधान दिवस संपन्न हुआ। इस दौरान थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार और राजस्व निरीक्षक कृष्णशंकर मिश्र मौजूद रहे। राजगढ़ : थानाध्यक्ष बालमुकुंद मिश्रा व राजस्व निरीक्षक संजय सिंह के नेतृत्व में समाधान दिवस आयोजित किया गया।
जमालपुर : थाना परिसर में शनिवार को तहसीलदार इवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
जिगना : थाना समाधान दिवस पर तहसीलदार सदर दीक्षा पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर और थानाध्यक्ष संजय कुमार ने संयुक्त रूप से समस्याएं सुनीं।
इनसेट
नौ थानों पर एक भी मामले का निस्तारण नहीं
जिले के 18 थानों पर 298 मामले आए। इसमें नौ थानों में एक भी मामले निस्तारण नहीं हो सका। इनमें शहर कोतवाली में दो में से एक, कटरा कोतवाली में 13 में से एक, विंध्याचल थाना में 22 में से दो, चील्ह थाना में 21 में से दो, कछवां में आठ में से एक, लालगंज में 18 में से चार, हलिया में 25 में से दो, जिगना में 20 में से चार और मड़िहान में 18 में से तीन प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया। अहरौरा में आए 22, राजगढ़ में छह, जमालपुर में आठ, अदलहाट में 19, चुनार में 14, ड्रमंडगंज में आठ, संतनगर में 16, पड़री में 18 और देहात कोतवाली में आए 21 प्रार्थना पत्रों में एक का भी निस्तारण नहीं हुआ।