केंद्र और राज्य के किसान विरोधी नीतियों के विरोध में बहुजन मुक्ति पार्टी ने प्रदेश व्यापी कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।
पार्टी ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किसानों को भूमिहीन एवं बेरोजगार बना कर भूखों मारने एवं आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने वाली नीतियों पर विरोध जताया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष दुर्ग विजय यादव ने कहा कि आजाद भारत में कांग्रेस की सरकार ने 1990 में नई आर्थिक नीति के अंर्तगत उदारीकरण,निजीकरण, भूमंडलीकरण नामक कानून पूंजीपतियों तथा उद्योगपतियों के हित में बनाया है।
वर्तमान की केंद्र सरकार भी पूंजीपतियों के लाभ के लिए कानून बना रही है। कहा कि केंद्र व राज्य सरकार किसानों के विरोध में कृषि नीति बना रही है और प्रतिवर्ष कृषि बजट में निरंतर कटौती कर रही है। जिससे किसान कर्ज में डूब कर आत्महत्या कर रहा है।
जेपी विश्वकर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के बकाए गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं कर रही है। प्राकृतिक आपदा से किसानों की फसल बर्बाद हो गई है। इस दौरान अच्छेलाल विश्वकर्मा, निर्मल यादव, लालबहादूर त्यागी, सुरेश प्रसाद गौड़, रमाशंकर यादव रहे।