शेरवां। स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के बियरही चट्टी स्थित महादेव स्वीट हाउस की दुकान में शुक्रवार की देर रात आग लग गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे दुकान मालिक ने शटर खोला। जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक दुकान में रखे सामान जलकर राख हो गए थे।
क्षेत्र के भरतपुर गांव निवासी दुकान संचालक रामभरोस प्रजापति शुक्रवार की रात 10 बजे दुकान बंद करके प्रतिदिन की तरह घर चले गए थे। देर रात 11 बजे दुकान के अंदर से एकाएक धुआं व आग की लपटों को खिड़की व रोशनदान से बाहर निकलते देख आस-पास के लोग अवाक रह गए। ग्रामीणों ने पास के ही भरतपुर गांव में रह रहे दुकान के मालिक को बुलाकर दुकान का शटर खोलवाया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। दुकानदार द्वारा दुकान बंद करते समय भट्ठी की अधजली लकड़ियों को बुझा कर दुकान के अंदर रख दिया था। बुझी लकड़ी में चिंगारी बची थी। धीरे-धीरे सुलगकर दुकान के अंदर रखे लकड़ी के ढेर, काउंटर, रैक, दोना, पत्तल आदि रखे सामानों में फैल कर आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान के अंदर ही भरा हुआ गैस सिलेंडर भी पड़ा था, जो आग की लपटों से काफी गरम हो गया था। यदि समय रहते आग पर काबू न पाया गया होता तो सिलिंडर फटने से बड़ा हादसा हो सकता था। आग लगन की घटना में दुकान में रखे सामान जल कर नष्ट हो गए।