मिर्जापुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर शनिवार को आफिस व कार्यालयों में छुट्टी के दिन भी विभिन्न विकास खंडों में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए पर्चे खरीदे गए। काउंटरों पर खरीदारों की भीड़ रही।
जिगना, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए अब तक कुल 3105 दावेदारों ने पर्चा खरीदा। शनिवार को विभिन्न पदों के लिए 192 पर्चा बिका। जिसमें ग्राम प्रधान के लिए 27, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 25 व ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 140 पर्चा खरीदा गया। क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए आशीष कुमार मिश्र, ग्राम प्रधान पद हेतु अमितेश कुमार व ग्राम पंचायत सदस्य का कृष्ण कुमार दुबे को काउंटर की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। हलिया, विकास खंड कार्यालय में बनाए गए तीन काउंटर के माध्यम से ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत तथा ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए पर्चे का वितरण किया गया। जिसमें ग्राम प्रधान पद के लिए 26, क्षेत्र पंचायत पद के लिए 35 पर्चे की बिक्री हुई। जमालपुर, ब्लाक मुख्यालय पर ग्राम प्रधान पद के लिए 21, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के 17 एवं ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए कुल 168 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।