अलविदा जुमा की नमाज अदा करने के लिए नगरीय सहित जिले के ग्राम्यांचलों में स्थित मस्जिदाें में नमाज अदा करने के लिए रोजेदाराें का हुजूम उमड़ पड़ा। मस्जिदों में अपरान्ह एक बजे से अलविदा जुमे की नमाज अदा की गई। शहर कोतवाली क्षेत्र के 22, कटरा कोतवाली क्षेत्र के 26 तथा देहात कोतवाली क्षेत्र के 17 मस्जिदों में अलविदा जुमा की नमाज अदा की गई। सुरक्षा की लिहाज से मस्जिदों पर व्यवस्था के बेहतर इंतजाम रहे।
अलविदा जुमा की नमाज अदा करने के लिए गांव से लेकर शहर तक के मस्जिदों में बच्चे, बूढ़े व जवान नमाज अदा करने के निर्धारित समय से पूर्व ही पहुंचने लगे थे। नगर में स्थित कुछ मस्जिदों पर भीड़ अधिक होने के चलते रोजेदारों ने सड़क पर बिछे मैटी पर बैठ कर अलविदा जुमा की नमाज अदा की। नगर के कटरा कोतवाली के पीछे मदीना जामा मस्जिद में अपरान्ह सवा एक बजे ईदगाह के इमाम मौलाना हाफिज निसार अहमद ने अलविदा जुमा की नमाज अदा कराई। उन्होंने अपनी तकरीर में बताया कि रमजान का रहमत वाला महीना समाप्ति पर है।
अल्लाह के नबी ने फरमाया है कि ईद की नमाज के पहले फिकरा अदा कर दो, जो यतीमों व गरीबों का हक है। इस मौके पर ईदगाह के इमाम ने देश में अमन-चैन व खुशहाली की कामना की। नगर के वासलीगंज स्थित गंगाबाई मस्जिद, इमामबाड़ा स्थित जामा मस्जिद, नटवां स्थित जामा मस्जिद सहित हयातनगर, रानीबाग, भटवा की पोखरी, इमरती रोड, रतनगंज, मकरीखोह, पक्कीसरांय, घंटाघर, वासलीगंज, घोड़े शहीद, गोसाईं तालाब, फतहां, आर्यकन्या रोड, लालडिग्गी, सबरी आदि मस्जिदों में अलविदा जुमा की नमाज अदा की गई। प्रत्येक मस्जिदों के आसपास सुरक्षा-व्यवस्था की दृष्टि से पुलिस बल की तैनाती की गई थी, वहीं पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी व जिलाधिकारी विमल कुमार दूबे भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
नगर सहित ग्रामीण अंचलों में स्थित मस्जिदाें में नमाज के दौरान किसी भी प्रकार की व्यवधान न होने पाए इसके लिए पुलिस प्रशासन व पालिका प्रशासन की तरफ से चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था कराई गई थी। जुमा की अलविदा नमाज के लिए इमामबाड़ा और वासलीगंज में दो घंटे के लिए यातायात रोक दिया गया था। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिस इलाके में नमाज पढ़ी जा रही थी वहां तो ठीक लेकिन कई इस तरह के इलाकों में दो घंटे के लिए रास्ता रोक दिया गया था जिससे गलियों में आवाजाही बढ़ गई थी।