संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। मड़िहान थाना क्षेत्र के मिर्जापुर-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर देवरी कला गांव के कुनबियामार जंगल में हत्या कर फेंकी गई बालिका के शव के बाल कटे मिले थे। पुलिस ने बुधवार को बालिका की शिनाख्त के लिए 300 नाइयों की दुकानें खंगालीं।
पुलिस टीम जिले के साथ ही आसपास के जिलों में भी पहचान का प्रयास कर रही है, लेकिन अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हत्या के बाद फेंकी गई बालिका के सिर के बाल कटे हुए थे और बाल काफी छोटे थे। पुलिस ने मिर्जापुर से लेकर सोनभद्र तक 300 नाइयों की दुकानों पर जाकर फोटो दिखाकर बालिका की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव की शिनाख्त और मामले की जांच के लिए पांच टीमों का गठन किया है। टीमें लगातार बालिका की पहचान में जुटी हैं। मिर्जापुर के सभी थाना क्षेत्रों और आसपास के जिलों में भी पहचान का प्रयास किया गया, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि पांचों टीमों को लगाया गया है। टीमें दिन-रात पहचान के प्रयास में जुटी हैं। बालिका के बाल कटे हुए थे। इसके आधार पर फोटो लेकर मड़िहान और आसपास के क्षेत्रों के साथ ही सोनभद्र तक नाइयों की दुकानों में जाकर पहचान कराने की कोशिश की गई। इसके अलावा स्टेशन के आसपास कपड़ों की दुकानों पर भी पहचान कराने का प्रयास किया गया। टीम इस समय सोनभद्र से आगे मध्य प्रदेश सीमा तक बालिका की पहचान के लिए गई है।