कछवां। क्षेत्र के एक अस्पताल में शनिवार को एक युवती ने डाॅक्टर पर जांच के दौरान छेड़खानी करने का आरोप लगाया। इससे नाराज युवती के परिजनों ने डाॅक्टर की पिटाई कर दी। अस्पताल के मैनेजर ने मारपीट करने वालों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शनिवार की रात नौ बजे एक होमगार्ड के परिजन 20 वर्षीय बेटी को सिर और सीने में दर्द होने पर अस्पताल लेकर पहुंचे। युवती को इमरजेंसी में भर्ती किया गया। आरोप है कि डॉक्टर जांच कर रहे थे, तभी बिजली कट गई। कुछ देर बाद युवती रोते हुए इमरजेंसी कक्ष से बाहर आई और उसने डॉक्टर पर छेड़खानी का आरोप लगाया। घटना की जानकारी होने पर युवती के परिजनों ने डॉक्टर की पिटाई कर दी। इसके बाद युवती को लेकर परिजन चले गए। अस्पताल प्रशासन ने कछवां थाने में मामले की शिकायत की। थानाध्यक्ष रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।