चुनार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार की सुबह मां के साथ टहलने निकली एक युवती का कुछ लोगों ने अपहरण कर ले गए। अपहर्ता युवती को बोलेरो में बैठाकर फरार हो गए। परिजनों ने थाने में जाकर सूचना दी। वहीं, पुलिस अपहरण की घटना से इंकार कर रही है। पुलिस के मुताबिक युवती अपनी मर्जी से गई है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला सुबह चार बजे अपनी पुत्री के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। बगहा गांव की तरफ से आए बोलेरो सवार युवती को वाहन में अंदर बैठा कर फरार हो गए। ऐसा होते देख लड़की की मां ने शोर मचाया। भोर होने के कारण कोई मदद को नहीं आया। घर जाकर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजनों ने थाने पर जाकर पुत्री के अपहरण की सूचना दी। सूचना पर पुलिस छानबीन में जुटी है। क्षेत्र में युवती के अपहरण को लेकर चर्चा है तो पुलिस अपहरण की घटना से इंकार कर रही है। सीओ चुनार रामानंद राय का कहना है कि पिता द्वारा लड़की की शादी इटावा में की गई थी। बाद में किसी कारणवश परिवार के लोगों ने शादी करने से इनकार कर दिया, लेकिन लड़का-लड़की शादी करने के लिए तैयार थे। मौका पाते ही लड़का लड़की की रजामंदी से उसे लेकर चला गया।