जान बचाने वाला युवक खुद गहरे पानी में गिर पड़ा
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में पारिवारिक कलह से क्षुब्ध होकर एक युवती ने चुनार पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी। पास ही मछली पकड़ रहे मछुआरों में से एक युवक ने जान पर खेलकर युवती की जान बचा ली। इस दौरान एक बार युवक खुद गहरे पानी में गिर पड़ा। यह नजारा देख वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।
घटना शनिवार दोपहर डेढ़ बजे की है। नगर निवासिनी एक 18 वर्षीय युवती पक्का पुल के बालूघाट छोर से अचानक गंगा में छलांग लगा दी। मछली मार रहे मछुआरों ने उसे देखा और उनमें से एक युवक नाव लेकर उसे बचाने पहुंच गया। युवती को पानी से बाहर निकालने के साथ ही पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस उसे इलाज हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गयी जहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देख उसे मंडलीय चिकित्सालय भेज दिया। वहीं युवती के गंगा में छलांग लगाने की जानकारी होने पर परिजन भी चिकित्सालय पहुंचे। युवती ने आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया, इस बारे में पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर परिजन ने कुछ भी नहीं बताया।