मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के महुवरियां शिव शक्तिपुरम कालोनी में रविवार की सुबह एक युवती ने पंखे पर फंदे से लटककर जान दे दी। सुबह दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने झरोखे से देखा तो वह फंदे से लटक रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फंदे से शव को उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
क्षेत्र निवासी रमाशंकर गुप्ता की 25 वर्षीय पुत्री आरती गुप्ता शनिवार की रात को परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने गई थी। सुबह जब वह नहीं उठी तो परिजनों ने आवाज लगाया। फिर भी वह कमरे से बाहर नहीं निकली। दरवाजा बंद था। तो परिजनों ने झरोखे से देखा तो वह पंखे के सहारे दुपट्टे से फांसी के फंदे पर लटकी थी। आनन-फानन में परिजनों ने किसी तरह से दरवाजा खोल कर अंदर जाकर फंदे से उतारा तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवती के मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर शहर कोतवाल रविंद्र कुमार यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा कि युवती की जनवरी 2021 में शादी तय थी। उसके फांसी लगाने के कारण के बारे में परिजन भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। शहर कोतवाल रविंद्र कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया। किसी तरह का कोई आरोप नहीं है।